
रुद्रपुर: जनपद ऊधमसिंहनगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम पर पूर्व में हमले के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम को संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशानुसार होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएनटीएफ ऊधमसिंहनगर एवं एसओजी रुद्रपुर की टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव एवं जानलेवा हमला करने वाला तथा एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की।
संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने भागने की कोशिश की और वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरने के बाद अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने सावधानीपूर्वक उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा ₹4100 नगद बरामद किए गए। मौके से बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की मोटरसाइकिल और एक लाल रंग का हेलमेट भी जब्त किया गया। बरामद शस्त्रों की विधिवत सीलिंग कर साक्ष्य संकलित किए गए।
आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार अभियुक्त कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट एवं पुलिस टीम पर हमले से संबंधित मुकदमों में वांछित चल रहा था। पूछताछ में उसने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है।
वैधानिक कार्रवाई
अभियुक्त के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109 तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल अभियुक्त को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


