
हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन / जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आयुक्त/सचिव मा० मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की गंभीर समस्याओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धन हड़पने, मृतक आश्रित को नौकरी,
भरण-पोषण, खनन भंडारण सीज जैसे मामलों की सुनवाई की गई।
आयुक्त ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
रेता-बजरी भंडारण पर सख्ती
बेरीपड़ाव क्षेत्र में रेता-बजरी भंडारण को लेकर ओवरलोडिंग, सीसीटीवी कैमरा व चाहरदीवारी न होने की शिकायत पर आयुक्त ने खनन अधिकारी एवं एआरटीओ को तलब किया।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर में जिन क्षेत्रों में खनिज भंडारण किए गए हैं, उनका स्थलीय निरीक्षण कर नियमों की अवहेलना करने वाले भंडारों को सीज किया जाए तथा ओवरलोडिंग पर नियमानुसार कार्रवाई हो।
धोखाधड़ी के मामले में बड़ी राहत
विगत जनसुनवाई में लंबित प्रकरण में रानीखेत निवासी करूणा की ₹2 लाख की धोखाधड़ी का आंशिक समाधान किया गया।
आयुक्त के हस्तक्षेप पर आरोपी पप्पू यादव से मौके पर ही ₹1 लाख वापस दिलाए गए, शेष राशि एक माह में लौटाने के निर्देश दिए गए। तय समय में भुगतान न होने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
GMFX Global Limited की जांच के आदेश
जनसुनवाई में GMFX Global Limited, सत्यलोक कॉलोनी देवलचौड़ द्वारा ट्रेड मार्केट में लोगों की धनराशि लगाने की शिकायत सामने आई।
कंपनी के CEO बैलेंस शीट और ऑनलाइन डेटा प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिस पर आयुक्त ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दिए और जनसुनवाई के बाद स्वयं स्थलीय निरीक्षण भी किया।
फाइनेंस कंपनियों पर भी शिकंजा
वाहन लोन मामलों में फाइनेंस कंपनियों द्वारा बिना वैधानिक प्रक्रिया के वाहन बेचने की शिकायत पर आयुक्त ने सम्भागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि दोषी फाइनेंस कंपनियों को नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जूडो प्रतियोगिता का रिजल्ट निरस्त
अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में आयोजित अंडर-14 व अंडर-19 जूडो प्रतियोगिता में रैफरी की अयोग्यता की शिकायत पर आयुक्त ने परिणाम निरस्त कर दिए।
जिला क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मैच पुनः आयोजित किए जाएं और केवल योग्य रैफरी व प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हो।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय देना है और सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर समयबद्ध व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



