
रूद्रपुर। सोमवार की रात्रि हल्द्वानी मार्ग पर अटरिया मोड़ के पास सीमेंट के कट्टों से भरे ट्राला व खनन सामग्री से भरे ट्रक के मध्य जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में ट्राला वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे काफी कोशिशों के बाद ट्राला से निकालकर उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया। जबकि ट्रक चालक घटना के बाद मौके पर वाहन छोड़ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार ट्राला संख्या एचआर 18 एफ 2816 का चालक गत रात्रि सीमेंट के सैकड़ों कट्टे लेकर रूद्रपुर की ओर से अटरिया रोड़ की ओर जा रहा था। ज्योंही उसने ट्राला अटरिया रो़ड़ की ओर घुमाया तभी अचानक हल्द्वानी की ओर से तेज गति से खनन सामग्री लेकर आ रहे ट्रक संख्या यूपी 38 टी 3835 के चालक ने ट्राला को जोर से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्राला चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि हेल्पर को मामूली चोटें आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस व फायरकर्मी भरी वहां आ गये। सभी ने करीब दो घंटे के प्रयास के बाद ट्राला चालक को बुरी तरह घायल हालत में बाहर निकाला और उसे उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया। घटना के कारण कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। जिसे पुलिसकर्मियों ने खुलवा दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।



