
रुद्रपुर : रम्पुरा क्षेत्र में होली का त्योहार इस वर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होने पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की। इसी क्रम में रम्पुरा के पूर्व सभासद व वरिष्ठ समाजसेवी हरपाल सिंह ने रम्पुरा चौकी प्रभारी कवींद्र शर्मा को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया।
पूर्व सभासद हरपाल सिंह ने कहा कि होली के दौरान अक्सर कुछ शरारती तत्व हुड़दंग और तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर मोटरसाइकिलों से गली-गली में उत्पात मचाते हैं, जिससे आम लोगों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन इस बार चौकी प्रभारी कवींद्र शर्मा ने सख्ती दिखाते हुए ऐसे तत्वों पर प्रभावी रोक लगाई, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति और भाईचारे के साथ होली मनाई गई।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के कारण रम्पुरा क्षेत्र के लोगों ने बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार का आनंद लिया। इसी सराहनीय कार्य के लिए उन्हें सम्मानित कर आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और सभी ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी तरह कानून व्यवस्था बनाए रखने की उम्मीद जताई।


