
गदरपुर। भाजपा के भीतर चल रही हलचल के बीच हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का गदरपुर दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार त्रिवेंद्र रावत को गदरपुर पहुंचकर भाजपा विधायक अरविंद पांडे के आवास पर जाना था, लेकिन ऐन वक्त पर यह दौरा निरस्त हो गया।
सूत्रों के अनुसार सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोपों को लेकर विवादों में घिरे विधायक अरविंद पांडे बीते कुछ समय से लगातार मुखर बने हुए हैं। इसी पृष्ठभूमि में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की यह प्रस्तावित मुलाकात अहम मानी जा रही थी। बताया जा रहा है कि आज गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक और विधायक बिशन सिंह चुफाल का एक साथ विधायक पांडे से उनके आवास पर मिलने का कार्यक्रम था।
हालांकि पार्टी आलाकमान की नाराज़गी सामने आने के बाद यह पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इसी क्रम में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी अपना गदरपुर दौरा छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राजनीतिक गलियारों में इस अचानक बदले घटनाक्रम को भाजपा के भीतर चल रहे आंतरिक असंतोष और अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है।
दौरा रद्द होने से जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज हो गई है, वहीं यह सवाल भी उठने लगे हैं कि आने वाले दिनों में विधायक अरविंद पांडे और पार्टी नेतृत्व के बीच रिश्तों की दिशा क्या होगी। फिलहाल भाजपा की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



