
रूद्रपुर। पिछले कई वर्षों से शासन प्रशासन व शिक्षा विभाग द्वारा बार बार सभी बिना मान्यता प्राप्त निजी स्कूल संचालकों को नियमानुसार स्कूल संचालन करने की चेतावनी देने के बावजूद भी राज्य में हजारों स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। जिसकी जागरूक नागरिकों व सोशल मीडिया द्वारा बार बार शिकायत करने पर शिक्षा विभाग द्वारा अब जाकर कठोर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग के महानिदेशक द्वारा राज्य के सभी जिलाधिकारियों को इस सन्दर्भ में निर्देश जारी करने के बाद आज प्रातः प्रशासनिक व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय रूद्रपुर में आज प्रातः से ही प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में शिक्षा विभाग के अधि कारियों व कर्मियों ने पुलिस संरक्षण में विशेष रूप से ट्रांजिट कैम्प में अभियान शुरू किया। टीम के क्षेत्र में पहुंचने की खबर लगते ही कई स्कूलों में आनन फानन में छुट्टी कर सभी बच्चों को स्कूल से बाहर कर मेन गेट पर ताला लगा दिया गया। टीम के वहां पहुंचने पर जब स्कूल के गेट पर ताला लगा देखा तो टीम ने भी अपना ताला लगाकर स्कूल मान्यता की फाईल के साथ मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पेश होने का नोटिस चस्पा कर दिया। अभियान के दौरान क्षेत्र में जो स्कूल खुले पाये गये उनके संचालकों से स्कूल की मान्यता सम्बंधी पत्रावलियों का अवलोकन किया गया। इस दौरान टीम द्वारा करीब एक दर्जन से अधिक गैर मान्यता संचालित हो रहे स्कूलों को सील कर दिया गया और संचालकों को नोटिस थमाया गया।


