एसआईटी अचानक पहुंची सुखवंत के घर, परिवार के हर सदस्य का बयान दर्ज

खबरें शेयर करें

काशीपुर। एसआईटी ने शनिवार देर शाम अचानक मृतक किसान सुखवंत सिंह के घर पहुंची। जांच टीम ने परिजनों से घटनाक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई। परिवार के हर सदस्य का बयान दर्ज किया गया। मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम शनिवार को काशीपुर पहुंची। आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना आईटीआई, चौकी पैगा और अन्य संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध इस प्रकरण से संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को संरक्षित किया जा रहा है, ताकि साक्ष्यों की सुचिता बनी रहे। टीम मृतक सुखवंत के निवास पैगा दक्षिणी पर पहुंची। वहां एक एक करके सभी के बयान लिए। साथ ही, प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि विवेचना में विधिसम्मत सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पीड़ित व गवाहों की सुरक्षा के लिए आवास पर अन्य जनपदों से सुरक्षा कर्मी की तैनाती की है। साथ ही तकनीकी विश्लेषण के लिए तीन सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल, एक कांस्टेबल को एसआइटी टीम में शामिल किया गया है। इसमें लोहाघाट थाना के उप निरीक्षक हेमंत कठैत, एएनटीएफ उप निरीक्षक सोनू सिंह, थाना चंपावत उप निरीक्षक राधिका भंडारी, थाना बनबसा के हेड कांस्टेबल विनोद यादव, थाना टनकपुर के हेड कांस्टेबल कमल कुमार व टनकपुर सर्विलांस सेल के कांस्टेबल गिरीश भट्ट को शामिल किया गया है।

एसआइटी चीफ भरणे के मुताबिक इस संवेदनशील प्रकरण की जांच/विवेचना तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। शनिवार को एसआइटी ने घटनास्थल के निरीक्षण के बाद थाना आईटीआई में पंजीकृत प्राथमिकी को भी थाना काठगोदाम में स्थानांतरित कर दिया है।