देहरादून के यूट्यूबर अनुराग डोभाल (UK07 राइडर) का एक्सीडेंट! 150 की स्पीड में कार चलाते हुए इंस्टाग्राम लाइव, टक्कर के बाद वीडियो बंद

खबरें शेयर करें
देहरादून के प्रसिद्ध यूट्यूबर और बिग बॉस-17 फेम Anurag Dobhal शनिवार शाम एक हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वह शाम करीब 7 बजे इंस्टाग्राम पर लाइव आए थे, जहां वह कार चलाते हुए वीडियो स्ट्रीम कर रहे थे।
लाइव वीडियो के दौरान अनुराग बेहद खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते नजर आए। वीडियो में उनकी कार की स्पीड करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटा दिखाई दे रही थी। इस दौरान वह काफी भावुक भी दिखे और खुद को थप्पड़ मारते हुए भी नजर आए।
लाइव स्ट्रीम के दौरान कुछ ही देर बाद उनकी कार अचानक सड़क किनारे टकरा गई, जिसके बाद इंस्टाग्राम लाइव तुरंत बंद हो गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो किस स्थान का है और हादसे में अनुराग डोभाल को कितनी चोटें आई हैं।
वीडियो में अनुराग भावुक होकर कहते सुनाई दिए, “इट्स अ गुड बाय”। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए कहा, “मां, अगली बार आउंगा तो प्यार देना।”
गौरतलब है कि इससे तीन दिन पहले, 4 मार्च को अनुराग डोभाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे का एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने परिवार से चल रहे विवाद, शादी, कानूनी मामलों और मानसिक तनाव को लेकर खुलकर बात की थी।
फिलहाल अनुराग डोभाल की लोकेशन और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।