Board Exam 2026: 20 अप्रैल तक आएगा उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट, 39 संकलन और 29 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए

Advertisement
रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं का परीक्षा परिणाम 20 अप्रैल तक घोषित कर दिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री के अनुसार बोर्ड परीक्षाएं इसी महीने 20 मार्च को समाप्त हो रही हैं। इसके बाद कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर परिणाम तय समय में जारी किया जाएगा।
परिषद की ओर से लिखित उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए प्रदेशभर में 39 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 29 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें गढ़वाल मंडल में 16 और कुमाऊं मंडल में 13 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने हर मूल्यांकन केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की है, ताकि कॉपियों के मूल्यांकन में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
गौरतलब है कि बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस वर्ष हाईस्कूल में 1,12,266 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 1,02,986 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
बोर्ड परीक्षाओं के समाप्त होते ही मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर परिणाम घोषित कर छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
Advertisement
Advertisement
Advertisement