
ऋषिकेश: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ऋषिकेश की ओपीडी में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मानसिक रोगी जांच के दौरान अचानक घबरा कर भागने लगा। मरीज अपने परिजनों के साथ अस्पताल में रूटीन जांच के लिए आया था, लेकिन एंडोस्कोपी टेस्ट का नाम सुनते ही वह बेकाबू हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मरीज को एंडोस्कोपी टेस्ट के लिए ले जाया जा रहा था, जिसका उसने कड़ा विरोध किया। अत्यधिक घबराहट के चलते वह परिजनों के चंगुल से छूटकर ओपीडी की सीढ़ियों की ओर दौड़ पड़ा। भागते हुए वह ओपीडी ब्लॉक की छठी मंजिल पर पहुंच गया। ऊपर की मंजिल का दरवाजा बंद देख मरीज ने उसे धक्का देकर खोलने की कोशिश की और दरवाजे की कुंडी तोड़कर आगे बढ़ गया।
मरीज की इस अप्रत्याशित हरकत से अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य तीमारदारों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से मरीज का पीछा किया और उसे घेर लिया। जवानों ने बड़ी ही सूझबूझ से मरीज को समझा-बुझाकर शांत किया और उसे सुरक्षित तरीके से नीचे लेकर आए।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीज पहले से ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है और उसका इलाज ओपीडी आधार पर चल रहा है। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। शांत होने के बाद मरीज को दोबारा संबंधित विभाग में ले जाया गया, जहाँ उसकी आवश्यक जांचें पूरी की गईं। उपचार के बाद उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।


