
देहरादून। उत्तराखंड में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर खड़ी कारों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के जीवनगढ़ में हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान बारात में फोड़े गए पटाखों की चिंगारी से यह आग लगी। चिंगारी पास में खड़ी कारों पर गिरी, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग लगते ही वहां खड़ी कारें धूं-धूं कर जलने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने तेज रूप ले लिया और काला धुआं दूर तक फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। डाकपत्थर पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पटाखों की चिंगारी सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में दो कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, लेकिन किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


