
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर आयोजित गणेश उत्सव कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर भगवान गणपति की पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
ठुकराल ने रम्पुरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर, मां काली मंदिर, गांधी कॉलोनी स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर, दानपुर स्थित सामिया लेक सिटी, सिडकुल चौक तथा ग्राम संपतपुर स्थित मंदिर में आयोजित गणेश उत्सव में सहभागिता की। विभिन्न आयोजन समितियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर ठुकराल ने कहा कि गणेश उत्सव भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देना चाहिए। कार्यक्रमों में विभिन्न आयोजन समितियों के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



