
रुद्रपुर। रोडवेज बस अड्डे के पास अमन टी स्टॉल के सामने हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल रम्पुरा निवासी राजेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास खड़ी एक प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है, जिसकी घटना में भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे रोडवेज स्थित अमन टी स्टॉल के सामने वार्ड नंबर 22, रम्पुरा निवासी राजेश पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल के साथ मारपीट हुई थी। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर राजेश के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए राधिका अस्पताल, बरेली ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां सुनीता की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। राजेश की मृत्यु के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धारा 103(1) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मुकदमे को तरमीम किया। साथ ही सामूहिक रूप से अपराध किए जाने के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस अड्डे के पास से चेतन वर्मा को गिरफ्तार किया। इसके बाद आवास विकास स्थित शिव मंदिर के पास से प्रेम प्रशांत और गौरव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास खड़ी प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UP21DF3724 को भी कब्जे में लिया है। मौके पर मोटरसाइकिल के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस के अनुसार, वाहन की घटना में भूमिका की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की अग्रिम विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


