DPS रुद्रपुर में SSP अजय गणपति की सीधी क्लास, 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशे और मानव तस्करी के प्रति किया जागरूक

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बुधवार को DPS रुद्रपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में स्वयं प्रतिभाग कर 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभावों और मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की कार्रवाई के साथ आमजन की सतर्कता और जागरूकता भी बेहद जरूरी है। सही जानकारी और सावधानी अपनाकर न केवल स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि दूसरों को भी जागरूक किया जा सकता है।

साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

एसएसपी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड साझा न करने, संदिग्ध लिंक से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर स्टंटबाजी और लापरवाही से बचने का संदेश दिया।

नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील

एसएसपी ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए।

मानव तस्करी के प्रति किया सचेत

कार्यक्रम में मानव तस्करी से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों के नौकरी, पढ़ाई या बेहतर भविष्य से जुड़े संदिग्ध प्रस्तावों पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित प्राधिकारी को देने के लिए प्रेरित किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और समाज में होने वाले अपराधों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव होते हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी, निरीक्षक बसंती आर्या, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर संजय पाठक, निरीक्षक यातायात शंकर सिंह बिष्ट, निरीक्षक सीपीयू ललित सिंह देवरी, साइबर सेल एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।