ऊधम सिंह नगर पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई, सितारगंज में दो आरोपी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15.24 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित) बरामद की, जिसका शुद्ध वजन 14.17 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा ₹1,560 नकद और स्मैक रखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को सितारगंज पुलिस टीम शांति व्यवस्था, शाम की चेकिंग और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान शक्तिफार्म स्थित वनशक्ति मंदिर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोगों की भीड़ दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर कुछ लोग जंगल की ओर भागने लगे, जबकि दो व्यक्ति मंदिर की ओर भागे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान रमेश उर्फ पिच्चू के कब्जे से 12.83 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित) बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 11.76 ग्राम था। वहीं, गोकुल विश्वास के कब्जे से 3.23 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित) बरामद की गई, जिसका शुद्ध वजन 2.41 ग्राम था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल ₹1,560 नकद, एल्युमिनियम फॉइल पेपर के आठ टुकड़े, सफेद कागज के टुकड़े और पारदर्शी पन्नियां भी बरामद की हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश उर्फ पिच्चू (30 वर्ष), निवासी ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म तथा गोकुल विश्वास (33 वर्ष), निवासी रतनफार्म नंबर-01, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में मुकदमा संख्या 0531/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।