काशीपुर-रामपुर हाईवे के गड्ढामुक्त कार्यों का CDO ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता जांच के लिए लिए निर्माण सामग्री के नमूने

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) दिवेश शासनी ने बुधवार को काशीपुर-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे गड्ढामुक्त कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सड़क की मजबूती, डामरीकरण की गुणवत्ता और निर्माण कार्य में अपनाए जा रहे मानकों की जांच की। कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मौके से निर्माण सामग्री के नमूने एकत्रित कराए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के गड्ढामुक्त कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं गड्ढामुक्त सड़क उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। साथ ही, सड़क की गुणवत्ता ऐसी सुनिश्चित की जाए कि वह लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए।