बच्चों के सपनों में दिखा विकसित भारत का संकल्प, सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एमेनिटी स्कूल, काशीपुर रोड में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों, कल्पनाओं और सपनों को भाषणों तथा चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने विकसित भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, विज्ञान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी प्रस्तुतियों का आधार बनाया। रंगों और शब्दों के माध्यम से बच्चों ने जिस भारत की कल्पना प्रस्तुत की, उसमें आधुनिकता के साथ स्वच्छता, संस्कार, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और मजबूत राष्ट्र की तस्वीर दिखाई दी। बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायी बना दिया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भारत का भविष्य नई पीढ़ी के सपनों और सामर्थ्य में निहित है। बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी भूमिका समझने का अवसर देते हैं। विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश की युवा पीढ़ी अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा में लगाएगी।

जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित दिशा और अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों की रचनात्मक सोच और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि बच्चों को अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नई पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षित, संस्कारी, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि किसी भी शहर और राष्ट्र की प्रगति का वास्तविक आधार उसकी नई पीढ़ी होती है। बच्चों को शिक्षा के साथ खेल, कला, विज्ञान और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें बेहतर मंच एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

चित्रकला प्रदर्शनी में बच्चों ने अपने रंगों के माध्यम से स्वच्छ और सुंदर शहर, हरित पर्यावरण, आधुनिक तकनीक, अंतरिक्ष विज्ञान, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत राष्ट्र की कल्पना को आकार दिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ देश के भविष्य को लेकर अपने विचार रखे। उनकी प्रस्तुतियों में भारत के प्रति उत्साह, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना स्पष्ट दिखाई दी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, वरिष्ठ नेता सुरेश कोली, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, नगर निगम सांसद प्रतिनिधि कपिल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन जालहोत्रा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, महामंत्री तरुण दत्ता, कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, हरीश भट्ट, सुदर्शन मंडल, आयुष चिलाना, दिलजोत बाजबा, नितिन ठाकुर, उमेश सिंह, जितेंद्र चौहान, रोहित सिंह तोमर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की गई। आयोजन ने बच्चों को अपनी कल्पनाओं को मंच देने के साथ यह समझने का अवसर भी दिया कि आज के बच्चों के सपने ही आने वाले भारत की तस्वीर गढ़ेंगे।