
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले में दशहरा पर्व के उल्लास के बीच कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. किच्छा, रुद्रपुर, गदरपुर, दिनेशपुर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई. इनमें सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के अलावा अन्य घटनाओं में मृतक भी शामिल हैं. हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. उधर, पुलिस ने संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है.
एक तरफ खुशी, दूसरी तरफ मातम: उधम सिंह नगर में एक तरफ जहां लोग दशहरे का पर्व धूमधाम से मना रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ कई परिवारों के लिए यह त्योहार कभी न भूलने वाला दर्द दे गया. जिले में अलग-अलग घटनाओं में 24 घंटे के भीतर 11 लोगों की मौत हो गई. इनमें सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या को लेकर पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताई है.
उधम सिंह नगर एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, 6 मामले सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित हैं. जबकिस बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद 11 शवों में से 9 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में होने की बात कही. सड़क हादसों में हुई मौतों के बाद यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
वहीं, एसएसपी अजय गणपति ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. वहीं, राजेश शुक्ला ने प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने की मांग की है.
दशहरा मेला देखकर लौट रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं: रुद्रपुर की मॉडल कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह अपनी पत्नी गुरमीत कौर और बेटे के साथ दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान गावा चौक पर रेलवे फ्लाईओवर से नीचे आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में 44 वर्षीय गुरमीत कौर की मौत हो गई. बलजीत सिंह का परिवार मूल रूप से पंजाब के मोगा का रहने वाला है. त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं.
डिवाइडर से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत: इसके अलावा शिमला पिस्तौर क्षेत्र में भी दर्दनाक हादसा हुआ. दिनेशपुर के मोतीपुर वार्ड नंबर दो निवासी 18 वर्षीय सुजल पुत्र सुबल और 25 वर्षीय समीर मंडल पुत्र सहदेव मंडल बाइक से किच्छा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई.
खराब खड़े ट्रक से बचने के प्रयास में गई युवक की जान: चंदोला होम्योपैथी कॉलेज के सामने सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई. बाइक पर सवार 32 वर्षीय लालता प्रसाद पुत्र प्रेमशंकर निवासी पाश्तौर, बरेली (यूपी) अपने साथी जंगबहादुर पुत्र प्रेमराज के साथ उत्तर प्रदेश के बहेड़ी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से लालता प्रसाद की मौत हो गई. जबकि, जंगबहादुर दूर जा गिरने से घायल हो गए.
दुर्गा पूजा का मेला देखने गए युवक की मौत: रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप स्थित अरविंद नगर वार्ड नंबर पांच निवासी 28 वर्षीय दिशांत सरकार पुत्र रंजीत सरकार दुर्गा पूजा का मेला देखने दिनेशपुर के हरिदासपुर गए थे. रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में उनकी मौत हो गई. परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा बनकर सामने आई.
नवजात बेटे के लिए खाना लेकर जा रहा था रघुवीर: गदरपुर क्षेत्र में 28 वर्षीय रघुवीर पुत्र मूलचंद की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रघुवीर के घर बेटे का जन्म हुआ था और वो सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती परिवार के सदस्य के लिए खाना लेकर जा रहे थे. इसी दौरान गदरपुर में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में उनकी जान चली गई. घर में बच्चे के जन्म की खुशियां थीं, लेकिन दुर्घटना ने परिवार को गम में डुबो दिया.
अन्य घटनाओं में भी गई लोगों की जान-
शांतिपुरी के वार्ड नंबर चार निवासी 55 वर्षीय नरी राम पुत्र भवानी राम ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनकी मौत हो गई. उनके तीन बच्चे हैं और तीनों की शादी हो चुकी है.
वहीं, ट्रांजिट कैंप निवासी 52 वर्षीय श्याम सुंदर हुंडई शोरूम में पेंटिंग का काम कर रहे थे. बताया जा रहा कि काम के दौरान छत से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई.
बाजपुर के बैरिया निवासी 61 वर्षीय राजपाल शरण की भी उपचार के दौरान मौत हो गई. उनके परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
इसके अलावा खटीमा के कंजाबाग निवासी 32 वर्षीय नवीस पुत्र शिवचरण का शव लालपुर में सड़क किनारे मिला. वो लालपुर में किराये पर रहते थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश: वहीं, हादसों पर लगाम लगाने को लेकर एसएसपी अजय गणपति ने एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक को सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और काले शीशे वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
“जिले में हुई 11 मौतों में 6 मामले सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित हैं. यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है. कुछ दिन पहले बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था, जिसमें 207 वाहनों को सीज किया गया. इनमें 137 बिना नंबर प्लेट वाली बाइक भी शामिल थीं.”- अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर
सर्दियों और कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के निर्देश भी दिए गए हैं. इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली, भूसे की ट्रॉली और गन्ने की ट्रॉली के आवागमन का समय निर्धारित करने तथा भारी वाहनों पर लागू प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया है. दीपावली से पहले यातायात व्यवस्था को लेकर अभियान और तेज किया जाएगा.
राजेश शुक्ला बोले- जवाबदेही तय हो, पीड़ित परिवारों को मिले सहायता: बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने घटनाओं पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि जिले में हुई मौतें बेहद दुखद हैं और पोस्टमार्टम हाउस में 11 शवों का होना स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है. उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में 9 लोगों की मौत होने की बात कही.
“कुछ दुर्घटनाओं में प्रतिबंधित क्षेत्र और प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के प्रवेश की बात सामने आई है. ऐसे में यह जांच जरूरी है कि प्रतिबंध के बावजूद बड़े वाहन शहर में कैसे पहुंचे. इसके लिए प्रशासन से संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए.”- राजेश शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी
इसके अलावा उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं पर भी चिंता जताई और कहा कि चालक की लापरवाही से किसी निर्दोष की जान जाती है, तो उसके पीछे पूरा परिवार प्रभावित होता है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से आग्रह कर प्रभावित परिवारों को यथासंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे.


