नेता प्रतिपक्ष ने खेतों में पहुंचकर सुनी पीड़ा, भरपाई के लिए सरकार से करेंगे वार्ता!

खबरें शेयर करें
बाजपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने क्षेत्र में हुई बारिश और तेज हवाओं से बर्बाद हुई गेहूं की फसलों का जायजा लेते हुए प्रभावित किसानों को हर संभव राहत दिलाने का भरोसा दिया।
ईद के मौके पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान नेता प्रतिपक्ष ग्राम गोबरा पहुंचे, जहां सड़क किनारे खराब पड़ी फसल को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे खेतों में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं।
किसानों ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण खड़ी गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
“हर हाल में दिलाएंगे मुआवजा”
किसानों की पीड़ा सुनने के बाद यशपाल आर्य ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि इस नुकसान का मुद्दा शासन स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
किसान देश की रीढ़
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। प्राकृतिक आपदा के समय सरकार को तुरंत राहत पहुंचानी चाहिए, ताकि किसान दोबारा खेती की तैयारी कर सकें।
इस दौरान उनके साथ कई समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।