
जनसेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान को मिला सम्मान!
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम के मुख्य पुजारी महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज को उनके उत्कृष्ट जनसेवा कार्यों और सनातन धर्म के प्रति समर्पण के लिए उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया।
यह सम्मान उन्हें “एक पहाड़ी ऐसा भी” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किया गया, जिसके तहत राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 13 विशिष्ट विभूतियों का चयन किया गया। अल्मोड़ा जनपद से इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
रेड एफएम 93.5 की टीम द्वारा बीते तीन महीनों में प्रदेशभर में किए गए व्यापक सर्वेक्षण के बाद ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को चुना गया, जिन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल पेश की है। चयनित सभी लोगों के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर लघु फिल्में भी तैयार की गई हैं, ताकि उनके कार्यों को व्यापक पहचान मिल सके।
महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज का जीवन संघर्ष और सेवा का सफर अत्यंत प्रेरक रहा है। एक सामान्य परिवार से निकलकर उन्होंने न केवल देश-विदेश में पहचान बनाई, बल्कि जागेश्वर धाम का गौरव भी बढ़ाया।
उनके सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यों में आश्रमों की स्थापना, गौशालाओं का संचालन, वृद्धाश्रम और अनाथालयों को सहयोग, तथा सनातन धर्म के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के निरंतर प्रयास शामिल हैं।
समारोह में रेड एफएम 93.5 की टीम से रजत शक्ति, हिमांशु शर्मा, आरजे निधि, सरीन सब्जवानी, खुशाल शाह और मानिक अरोरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कैलाशानंद महाराज को मिले इस सम्मान से जागेश्वर क्षेत्र सहित पूरे अल्मोड़ा जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।


