
रुद्रपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रुद्रपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
पहली कार्रवाई किच्छा बाईपास रोड पर की गई, जहां चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शारिक निवासी किच्छा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 192 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें ट्रामाडोल जैसी दवाएं शामिल थीं। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूलों में नशीली दवा की मात्रा एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने बगवाड़ा मंडी क्षेत्र में एक कार सवार युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी भोला साहनी के कब्जे से 2.058 किलोग्राम गांजा और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त है और गांजा सप्लाई करने जा रहा था।
दोनों मामलों में पुलिस ने बरामदगी की प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कर साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। पुलिस अब नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


