चहा का होटल खोलूला इति टनकपुर… दो दिवसीय उत्तरायणी महाकौतिक संपन्न

खबरें शेयर करें

हल्द्वानी। कुंवरपुर गौलापार स्थित हीरा कुंवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय उत्तरायणी महाकौतिक का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में लोक कलाकार जितेंद्र तोमक्याल, प्रियंका, बेबी रानी एवं मनोज आर्य ने चहा का होटल खोलूला इति टनकपुर… जैसे गीतों पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश एवं संजीव आर्या रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथियों में हरेंद्र बोरा, दीपेंद्र कोश्यारी, लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, कमलेश चंदोला एवं प्रदीप बिष्ट शामिल रहे। इस अवसर पर गौलापार-चोरगलिया क्षेत्र के लगभग 40 सामाजिक व सांस्कृतिक मंचों के सहयोग से रक्तदान शिविर भी लगाया गया। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला बिष्ट ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और ऐसे आयोजन नई पीढी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं। वरिष्ठ समाजसेवियों के सहयोग से दो दिवसीय खिचड़ी भोज काभी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्णवीर सिंह गंगोला व संचालन हेमंत बगड़वाल, हरेंद्र क्वीरा, नीरज रैक्वाल एवं त्रिलोक सिंह नोला ने किया। अंत में आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।