
रुद्रपुर। जनपद में विभिन्न मांगों को लेकर किसानों के धरना-प्रदर्शन के बीच शनिवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने धरना स्थल पहुंचकर किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों के मांग-पत्र में शामिल विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की कई मांगें नीतिगत प्रकृति की हैं, जिन पर जिला स्तर से निर्णय संभव नहीं है। ऐसी मांगों को नियमानुसार शासन स्तर पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसानों ने विद्युत, भूमि समेत अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं भी उनके समक्ष रखीं।
एडीएम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की और किसानों से सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर जिन समस्याओं का नियमानुसार समाधान संभव है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने किसानों से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया।
वार्ता के दौरान गन्ना आयुक्त टी.एस. मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वी.के. यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


