
रुद्रपुर। काशीपुर ओवरब्रिज पर मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को वाल्मीकि समाज के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर कोतवाली के बाहर धरना दिया। इस दौरान वार्ड नंबर 27 के पार्षद प्रतिनिधि सौरभ शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कोतवाली गेट के सामने धरने के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली कर धरना कोतवाली परिसर के अंदर करने का आग्रह किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। इसी दौरान पार्षद प्रतिनिधि सौरभ शर्मा का पैर मुड़ गया, जिससे उन्हें हल्की मोच आने की बात सामने आई।
सौरभ शर्मा ने कहा कि मारपीट की घटना में पीड़ित दलित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में शामिल दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।



