
रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे और उसके बाद मारपीट के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, उम्र 32 वर्ष को मंगलवार को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी सवार अभिषेक और जतिन को पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने उनके साथ मारपीट की और अन्य लोगों को मौके पर बुलाया।
मामले में 8 अगस्त को वादी अंकित की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानु, वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, चौकी प्रभारी रम्पुरा दीपक कौशिक सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।



