
हल्द्वानी न्यायालय परिसर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक वारंटी ने खुलेआम अधिवक्ताओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद वकीलों में भय का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार वारंटी दिनेश सिंह रावत ने कार्य दिवस के दौरान अधिवक्ता एस.डी. जोशी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी को भी उसने दांत से काट लिया, जिससे उनके हाथ और शरीर में चोट आई।
घटना के दौरान आरोपी ने कोर्ट परिसर में ही गाली-गलौज भी की। मौके पर मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह स्थिति को संभाला। इसके बाद बार एसोसिएशन प्रतिनिधिमंडल ने तुरंत भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, और बाद में जेल भेज दिया गया।
घटना के विरोध में हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने तत्काल प्रभाव से 24 अप्रैल 2026 से न्यायालय परिसर में दो पुलिस कांस्टेबलों की तैनाती के आदेश दिए हैं।
इसके साथ ही अब कोर्ट परिसर में केवल अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि अन्य वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बार एसोसिएशन ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। प्रतिनिधि मंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव प्रेस वानु कबड़वाल, सदस्य राकेश कुकरेती उपस्थित रहे।



