सिवनी/कटनी : दीपावली की रात मध्य प्रदेश में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुईं. सिवनी में सर्राफा व्यापारी के घर में आग लगने से 6 लोग जिंदा जलकर मर गए. वहीं, कटनी में भी अग्रवाल परिवार के घर में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई. उज्जैन में भी 107 साल के बुजुर्ग की आग से झुलसकर मौत हो गई.
सिवनी के छपारा नगर में छाया मातम
सिवनी के छपारा नगर में सोमवार तड़के एक मकान में भीषण आग भड़क उठी. महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में भीषण आग लगने से परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मकान से 4 महिलाएं और 2 पुरुषों के शव निकाले गए हैं. आग भड़कने से अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. सोमवार सुबह 8 बजे तक रेस्क्यू चलता रहा. दीपावली पर इस दर्दनाक हादसे से पूरे छपारा नगर में मातम पसरा है.
हादसे के वक्त मकान में परिवार के 10 लोग थे
मकान में अचानक सोमवार तड़के 4 बजे आग भड़की. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में मकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. हादसे के वक्त मकान में करीब 10 लोगों के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है. सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन इनमें से 6 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
हादसे में अन्य लोगों की स्थिति और उनकी चोटों को लेकर अभी अपडेट नहीं मिला है लेकिन इनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सिवनी में आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची.
आग लगने का कारण साफ नहीं
आग पर काबू पाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया. घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और बचाव दल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी है. मृतकों में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) शामिल हैं.
वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया है. छपारा के तहसीलदार सौरभ मरावी ने बताया “सूचना के बाद रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया. आग किन कारणों से लगी है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.” SDOP लखनादौन अपूर्व भलावी ने ” हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है. आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
कटनी में घर में झुलसकर मरे 6 लोग
रविवार रात कटनी के बरही कस्बे में रात करीब 12 बजे आग लगी. हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत हो गई. इनमें 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और दो महीने का मासूम भी शामिल है. आग लगने के बाद रातभर राहत और बचाव कार्य चला. कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया “दीपावली की रात करीब 12 बजे बरही के मुख्य बाजार में पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की संयुक्त क्रॉकरी दुकान में आग लग गई. आग किस कारण से लगी, यह फिलहाल जांच का विषय है. दुकान भूतल पर और परिवार का निवास ऊपर की मंजिल पर होने के कारण आग तेजी से फैलती गई.”
दीपावली की रात भड़की आग, मकान के ऊपरी हिस्से में फंसे 10 लोग, 107 साल के बुजुर्ग की मौत
गुना में किसान के घर में लगी भीषण, राजस्थान रेफर दो झुलसे शख्स, लाखों की फसल तबाह
हादसे में दो माह की मासूम मां की गोदी में, दोनों कंकाल
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह घर से बाहर निकले. उन्होंने शोर मचाकर लोगों को बुलाया. लेकिन घर अंदर परिवार के अन्य लोग फंसे रह गए. हादसे में दो माह के मासूम की भी मौत हुई है. वह अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था. मां की गोद में लिपटे मासूम बुरी तरह जल चुका था. मां भी कंकाल हो गई. चंद्रकला और परिवार की दो बच्चियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी थीं. उन्हें किसी प्रकार सुबह निकाला गया. लेकिन कंकाल के रूप में .
कटनी में दमकल विभाग की पोल खुली
दमकल वाहनों के पहुंचने में एक घंटा लग गया. इसके बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन भेजा गया. उसकी पाइप में भी खराबी निकली. इस कारण आग बुझाने में काफी देर हो गई. हालात बिगड़ते देख कैमोर और कटनी से भी दमकल भेजे गए. इसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास हुए. घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. सोमवार सुबह तक रेस्क्यू चलता रहा. हालात बेकाबू होते देखकर जेसीबी की मदद से दीवार तोड़ी गई फिर रेस्क्यू चलाया गया.







