
320 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद, एक नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
काशीपुर। उत्तराखंड शासन के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर आबकारी विभाग ने काशीपुर क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा और कटैया में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में आबकारी टीम ने छापेमारी कर 4 अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया और मौके पर 18,500 किलोग्राम लहन नष्ट कर दिया।
अभियान के दौरान नाले के पास तलाशी में लगभग 160 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिसके संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद टीम ने ग्राम खाईखेड़ा में परमजीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह के घर पर छापेमारी की, जहां से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। वहीं गांव के एक खेत से 150 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी तथा आबकारी विभाग की टीम द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



