ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 माह में 1337 अपराधियों पर कार्रवाई, करोड़ों की अवैध संपत्ति पर प्रहार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के नेतृत्व में पिछले तीन माह के दौरान जनपद में अपराध, अवैध नशा, अवैध शस्त्र, कच्ची शराब, गैंगस्टर गतिविधियों, ओवरलोडिंग, अतिक्रमण और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाए गए। इन अभियानों में ऊधमसिंहनगर पुलिस को ऐतिहासिक सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि” विजन को धरातल पर उतारते हुए एसएसपी अजय गणपति ने अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ा है, वहीं आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
एसएसपी द्वारा पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील बनाया गया है। जनसुनवाई, त्वरित कार्रवाई, अनुशासन और फिटनेस को प्राथमिकता देते हुए थाना स्तर पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और पीड़ितों की शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
03 माह में 05 बड़े अभियान, कई ऐतिहासिक उपलब्धियां
अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 96 मुकदमे दर्ज कर 103 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 87 देशी तमंचे, 3 बंदूकें, 2 पंप एक्शन गन, 3 देशी पिस्टल, 1 फैक्ट्री मेड रिवॉल्वर और 19 रामपुरी चाकू व तलवार बरामद किए।
अवैध नशे के खिलाफ अभियान में 55 मुकदमे दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलो गांजा, 1.058 किलो चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां बरामद कीं।
नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी बड़ा प्रहार करते हुए कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की लगभग ₹3.70 करोड़ तथा गांजा तस्कर संजय गुप्ता की करीब ₹3 करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई की गई।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हत्या, नशा तस्करी, अवैध शस्त्र कारोबार और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
कच्ची शराब, ओवरलोडिंग और “ऑपरेशन प्रहार” में बड़ी कार्रवाई
कच्ची शराब के खिलाफ अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, 63 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं और 1,52,100 लीटर लहन मौके पर नष्ट किया गया।
ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान में 197 चालान, 142 वाहन सीज और 57 कोर्ट चालान किए गए।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत 1337 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 737 वांछित और फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। 8687 लोगों का सत्यापन, 1502 पुलिस एक्ट चालान और 2696 यातायात चालान किए गए। साथ ही 3976 बार, होटल, पब और ढाबों की चेकिंग की गई।
धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर सख्ती
धर्मांतरण से जुड़े मामलों में त्वरित मुकदमे दर्ज कर एसआईटी गठित की गई है। वहीं सितारगंज पुलिस और एसओजी की कार्रवाई में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल बदर से जुड़े तार सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है।
फिटनेस और अनुशासन पर विशेष जोर
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस बल की फिटनेस और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित परेड, फिजिकल एक्टिविटी और “नो व्हीकल डे” जैसे कार्यक्रम लागू किए हैं।
एसएसपी ने कहा कि अपराधियों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा आमजन से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।