
रुद्रपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर में भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक ट्रैफिक उत्तराखंड श्री कृष्ण कुमार वी.के. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस बल के अनुशासन, एकजुटता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
परेड के उपरांत आईजी ट्रैफिक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं एवं सराहनीय कार्यों के लिए जनपद पुलिस के 8 अधिकारी एवं कर्मचारियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इन्हें किया गया सम्मानित
सम्मानित होने वालों में अग्निशमन अधिकारी चन्दनराम, आरक्षी राजेन्द्र कुमार कश्यप (एसओजी रुद्रपुर), आरक्षी प्रवीण कुमार गोस्वामी (थाना नानकमत्ता), उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र सिंह (थाना काशीपुर), उपनिरीक्षक रीता देवी (साइबर सेल), अपर उपनिरीक्षक अम्बादत्त काण्डपाल (एमटी पूल लाइन), निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी (प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैम्प) एवं निरीक्षक रवि सैनी (प्रभारी निरीक्षक किच्छा) शामिल रहे।
इसके बाद आईजी ट्रैफिक कृष्ण कुमार वी.के. की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को अनुशासन बनाए रखने, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, समस्त क्षेत्राधिकारी, जनपद के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने तथा पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।



