
रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 25 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण ऊधमसिंह नगर जनपद की नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने ऊधमसिंह नगर में संचालित समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में 26 सितंबर 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
यह आदेश कक्षा-12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा विद्यालयों में पंजीकृत बच्चों के लिए लागू रहेगा। सभी तहसील एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



