एसबीएस कॉलेज छात्र संघ चुनाव: विश्वजीत निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित, विधायक शिव अरोरा ने दी शुभकामनाएं

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में छात्र संघ चुनाव के तहत शुक्रवार, 25 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। छात्र उपाध्यक्ष पद पर विश्वजीत के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्विरोध निर्वाचन के बाद विश्वजीत अपने समर्थकों एवं साथियों के साथ रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा के कार्यालय पहुंचे। यहां विधायक शिव अरोरा ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया और निर्विरोध निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं।

विधायक कार्यालय के बाहर समर्थक छात्रों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

विधायक शिव अरोरा ने विश्वजीत की जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी आवाज को महाविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विश्वजीत से छात्र-छात्राओं के हितों और महाविद्यालय के विकास से जुड़े विषयों को जिम्मेदारी के साथ उठाने की अपेक्षा जताई।

उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मामलों में आवश्यक सहयोग के लिए वह सदैव साथ खड़े रहेंगे और विधायक स्तर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर छात्र नेता इमरान सैफी, सौरभ राठौर, राहुल गुप्ता, मोहित कक्कड़, शुभम मेहरा, दीपक भट्ट, विपिन पांडे, सागर साहनी, शुभम साहनी, वासु गुम्बर सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।