
किच्छा। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बगावत से जूझ रही भाजपा को नाम वापसी के अंतिम दिन बड़ी राहत मिली। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे शैली फुटेला और लवी सहगल ने अपना नामांकन वापस लेते हुए संदीप अरोड़ा के समर्थन का ऐलान कर दिया।
दोनों बागी प्रत्याशियों को मनाने में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की अहम भूमिका रही। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर तीनों नेता रविवार को किच्छा में डटे रहे और लगातार बातचीत के जरिए नाराजगी दूर करने का प्रयास किया।
बताया गया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर हुई वार्ता के बाद शैली फुटेला और लवी सहगल ने चुनाव मैदान से हटने पर सहमति जताई। नाम वापसी के बाद दोनों ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा को समर्थन देने और उनकी जीत के लिए काम करने की बात कही।
भाजपा के लिए यह फैसला इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि दोनों के चुनाव मैदान में रहने से पार्टी समर्थक वोटों के बंटने की आशंका थी। नाम वापसी के साथ भाजपा ने चुनाव से पहले डैमेज कंट्रोल करते हुए संगठन में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है।
इसी बीच महापौर विकास शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा किच्छा नगर पालिका में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने भी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौली के निकाय चुनाव आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं। अब भाजपा का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर संदीप अरोड़ा के पक्ष में चुनावी माहौल मजबूत करने पर रहेगा।




