
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के जसपुर में संपत्ति बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब बड़े भाई ने छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में छोटे भाई की हाथ की कलाई लगभग कट गई, जबकि बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है.
वैसे ये पूरा मामला रविवार शाम का है, जिसमें सोमवार को मुकदमा दर्ज किया था. वहीं पुलिस ने आज मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. जानकारी के मुताबिक जसपुर कोतवाली क्षेत्र में लकड़ी मंडी चौराहे के पास रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद हिंसक रूप ले बैठा.
बताया जा रहा है कि चांद मस्जिद के पास स्थित UK-18 होटल क्षेत्र में रहने वाले पांच सगे भाइयों के परिवार में कई दिनों से जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था. इसी विवाद के चलते बड़े भाई शेर अली और छोटे भाई अनवर हुसैन के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शेर अली ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से अपने छोटे भाई अनवर हुसैन पर हमला कर दिया. हमले में अनवर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि उसके हाथ की कलाई लगभग पूरी तरह कट गई, जिससे मौके पर ही भारी मात्रा में खून बहने लगा. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान एक अन्य युवक भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया.
घटना की सूचना मिलते ही जसपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर सोमवार को आरोपी शेर अली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में जसपुर कोतवाल राजेश पांडेय ने बताया कि चांद मस्जिद के पास रहने वाले पांच भाइयों में संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया.



