
रुद्रपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। इसके दो दिन बाद, 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों द्वारा मैदान में यज्ञ तथा गंगाजल का छिड़काव कर कथित रूप से शुद्धिकरण किया गया।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अनुसूचित जाति समाज का सार्वजनिक अपमान बताते हुए संविधान में निहित समानता और सामाजिक समरसता की भावना के विपरीत बताया। पार्टी का आरोप है कि सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने से अनुसूचित जाति समेत सामाजिक एकता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
तहरीर में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस कृत्य से अनुसूचित जाति के लोगों को नीच अथवा अपवित्र समझे जाने का संदेश गया और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के प्रति घृणा, वैमनस्य और शत्रुता की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया। कांग्रेस ने मामले को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय बताते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा 13 अगस्त को इस मुद्दे को उठाए जाने का भी तहरीर में उल्लेख किया। साथ ही भाजपा नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि प्रकरण को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाओं से राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।
कांग्रेस ने हल्द्वानी पुलिस पर मामले में अब तक मुकदमा दर्ज न किए जाने को लेकर कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए रुद्रपुर पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद शुभम दास, ओमपाल सिंह, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


