रुद्रपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, ‘लोकतंत्र बचाओ’ सप्ताह के तहत निकाला विशाल विरोध मार्च

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चल रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ऊधम सिंह नगर की ओर से रुद्रपुर में विशाल विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह गल्ला मंडी में एकत्र हुए। यहां से विरोध मार्च गल्ला मंडी रोड, भगत सिंह चौक और मुख्य बाजार होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्य मार्ग पर ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
विरोध मार्च के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिला प्रशासन के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई समेत चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
उपनेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संविधान की रक्षा को लेकर कांग्रेस जनता के बीच अपनी बात रख रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि चुनाव व्यवस्था पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की बुनियाद है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज और मताधिकार का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह लाडी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों का समाधान संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होना चाहिए।
प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला एवं महानगर पदाधिकारियों के अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी तथा अन्य सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी रही। कांग्रेस ने प्रदर्शन के जरिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती की मांग उठाई।