केतन लाल हत्याकांड पर उबाल, श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने राज्यपाल-सीएम के नाम भेजा ज्ञापन

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। टिहरी के दलित युवक केतन लाल की हत्या के विरोध में शनिवार को श्रमिक संयुक्त मोर्चा, ऊधम सिंह नगर के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और श्रमिक यूनियनों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

ज्ञापन में केतन लाल हत्याकांड की निष्पक्ष न्यायिक जांच, आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से शीघ्र सजा दिलाने तथा प्रदेश में बढ़ रही जातिगत और सांप्रदायिक हिंसा पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में जातीय उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि 7 जून को टिहरी के देवल गांव में 18 वर्षीय दलित युवक केतन लाल की कथित ‘ऑनर किलिंग’ के तहत हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथी दिवाकर डिमरी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जातिगत भेदभाव, छुआछूत और हिंसा की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के अनुरूप सभी नागरिकों की समानता, सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घायल युवक के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने तथा प्रदेश में जातीय एवं सांप्रदायिक हिंसा रोकने के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग भी की गई।

ज्ञापन सौंपने वालों में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, सीएसटीयू के महासचिव मुकुल श्री, दिनेश भट्ट, हरीश मौर्य, अमर सिंह, ललित मटियाली, गोपाल सिंह गौतम, शिवदेव सिंह, गोविंद सिंह, सुधीर कुमार, विजय कुमार आर्य, महेश पाल, धीरज जोशी, मनोज कुमार, आर्को विश्वास, आँचल पासवान सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।