
रामपुर। सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा ने रामपुर के पूर्व मंत्री एवं नवाब काजिम अली खान (नवेद मियां) के साथ भारत में ग्रीस की राजदूत महामहिम सुश्री अलिकी कुत्सोमितोपोलू से शिष्टाचार भेंट की। सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान भारत और ग्रीस के बीच ऐतिहासिक संबंधों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन, शिक्षा, निवेश तथा आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. कपिल शर्मा ने भारतीय परंपरा के अनुरूप ग्रीस की राजदूत का स्वागत एवं सम्मान करते हुए “अतिथि देवो भवः” की भावना से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि भारत और ग्रीस विश्व की दो प्राचीन सभ्यताएं हैं, जिनके बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित संबंध निरंतर मजबूत हो रहे हैं। ऐसे संवाद दोनों देशों की मित्रता को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नवाब काजिम अली खान (नवेद मियां) द्वारा आयोजित आम महोत्सव भी आकर्षण का केंद्र रहा। ग्रीस की राजदूत और डॉ. कपिल शर्मा ने देशभर की विभिन्न दुर्लभ एवं उत्कृष्ट आम की प्रजातियों का स्वाद लिया। राजदूत ने भारतीय आमों की गुणवत्ता, विविधता और स्वाद की सराहना करते हुए भारतीय कृषि परंपरा एवं सांस्कृतिक आतिथ्य की प्रशंसा की।
नवाब काजिम अली खान ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच आपसी समझ, मित्रता और सांस्कृतिक संवाद को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. कपिल शर्मा अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। वहीं काशिफ़ खान, शमशाद खान समेत कई गणमान्य नागरिकों ने ग्रीस की राजदूत का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. कपिल शर्मा ने नवाब काजिम अली खान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ग्रीस की राजदूत के साथ यह महत्वपूर्ण एवं सार्थक मुलाकात संभव हो सकी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के संवाद भविष्य में भारत और ग्रीस के बीच मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को नई मजबूती प्रदान करेंगे।



