
हल्द्वानी कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत के हस्तक्षेप से एक महिला को वर्षों से लंबित भूमि प्रकरण में राहत मिली है। मामले के समाधान के बाद महिला ने सोमवार को स्वयं आयुक्त कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया।ऋषिकेश निवासी श्रीमती गीता बैरागी ने वर्ष 2012 में किच्छा की सुनहरा कॉलोनी में 60 गज का एक भूखंड खरीदा था। भूमि खरीदने के बावजूद उनके नाम पर रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिससे वह लंबे समय से परेशान थीं।
कई बार प्रयास करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अप्रैल 2026 में कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत से शिकायत की।शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने प्रकरण को तहसीलदार किच्छा को भेजते हुए दोनों पक्षों की सुनवाई कर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार द्वारा मामले की सुनवाई की गई तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित पक्षों के बीच सहमति बनने पर भूमि की रजिस्ट्री श्रीमती गीता बैरागी के नाम संपन्न कर दी गई। समस्या का समाधान होने के बाद सोमवार को श्रीमती बैरागी ने आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।



