सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा ने ESIC अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के निर्देशानुसार सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा द्वारा स्थानीय ESIC अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। बीते कई दिनों से अस्पताल में अनियमितताओं एवं अव्यवस्थाओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. कपिल शर्मा ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, रसोईघर, दवा वितरण कक्ष, एक्स-रे रूम, ओपीडी रजिस्टर तथा पैथोलॉजी लैब का बारीकी से निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुविधा और पारदर्शिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. कपिल शर्मा ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, त्वरित एवं सम्मानजनक व्यवहार के साथ समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।


निरीक्षण के दौरान डॉ. कपिल शर्मा अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट एवं नाराज दिखाई दिए। उन्होंने विशेष रूप से शौचालयों एवं वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से समुचित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता का स्तर उच्च होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह सीधे मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।
डॉ. कपिल शर्मा ने मरीजों से भी सीधे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कई मरीजों ने अपनी समस्याएं और सुझाव उनके समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
डॉ कपिल शर्मा ने मीडिया को बताया कि माननीय सांसद श्री अजय भट्ट जी सदैव क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अत्यंत संवेदनशील एवं चिंतित रहते हैं। उनके नेतृत्व में लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और गुणवत्तापूर्ण रूप में प्राप्त हों। सांसद जी द्वारा समय-समय पर अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं तथा वे स्वयं भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की धामी सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
अंत में उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि यदि सुधार में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी इस दौरान भाजपा के जिला मंत्री श्री प्रमोद मित्तल एडवोकेट, सचिन मेलकानी समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।