
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के 20 छात्रों का चयन फ्रांस में आधुनिक कृषि तकनीकों पर अंतर्राष्ट्रीय इंटर्नशिप के लिए हुआ है। यह पहल फ्रांस के कृषि एवं खाद्य संप्रभुता मंत्रालय और पंतनगर विश्वविद्यालय के बीच हुए सहयोगात्मक समझौते का हिस्सा है। चयनित छात्र डेफिया कंसोर्टियम के अंतर्गत फ्रांस के विभिन्न संस्थानों में एक माह का इंटर्नशिप प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। यह कार्यक्रम 8 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
इस चयन सूची में हल्दूचौड़ निवासी दीपांशी बमेटा का नाम शामिल होने से क्षेत्र में विशेष खुशी का माहौल है। दीपांशी बमेटा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की छात्रा हैं और उनकी इस उपलब्धि को स्थानीय स्तर पर गर्व का विषय माना जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. एच.जे. शिवा प्रसाद एवं डेफिया समिति के सदस्यों ने बताया कि यह प्रशिक्षण खाद्य विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रों के व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करेगा और उन्हें वैश्विक स्तर की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराएगा।
चयनित छात्रों में पशुचिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय से मेघा पुरोहित, ऋषभ सरवाल, देवाशीष नाथ महंत, अनुमय सिंह भंडारी, गरिमा राणा एवं मेधावी नैनवाल; कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय से भाग्यश्री उपाध्याय; कृषि महाविद्यालय से ऋति पॉल, गगन त्रिपाठी, सुरेंद्र धामी, दिया यादव, शांभवी एवं समिष्ठा भट्ट; मत्स्य पालन महाविद्यालय से प्रेना शर्मा; प्रौद्योगिकी महाविद्यालय से सिदरा मलिक एवं कनिष्क धाका; सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय से एंजेला अहान्थेम एवं दीपांशी बमेटा तथा विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय से भारती कुनवर एवं मानसी नेगी शामिल हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डा.) मनमोहन सिंह चौहान ने चयनित सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


