
रुद्रपुर। छतरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण, छतरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री गाड़ियों के ठहराव, दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग के चौड़ीकरण और सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी है। धरना स्थल पर पहुंचकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने ग्रामीणों को अपना समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताया और संबंधित विभागों एवं शासन से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए कहा कि छतरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग की संकरी सड़क और भारी वाहनों की तेज गति के चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। क्षेत्र में कई परिवार सड़क दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो चुके हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है।
छतरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की प्रमुख मांग
ग्रामीणों ने छतरपुर रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि इसके बनने से जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, मरीजों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। ग्रामीणों ने छतरपुर में रेलवे स्टेशन स्थापित करने तथा वहां यात्री गाड़ियों के ठहराव की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यात्रियों की आवश्यकताओं को देखते हुए इस दिशा में गंभीरता से पहल की जानी चाहिए।
दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग के चौड़ीकरण और सड़क सुरक्षा पर जोर
ग्रामीणों ने दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग का पर्याप्त चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे यातायात सुचारु होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। इसके अलावा मार्ग पर चलने वाले भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने, प्रमुख स्थानों पर गति सीमा संबंधी संकेतक लगाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के पात्र परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।
राजकुमार ठुकराल ने की मांगों के समाधान की पैरवी
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़ी हैं। इनका समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शासन से ग्रामीणों की मांगों का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों के समाधान के लिए उनकी मांगों की पैरवी की जाएगी।
धरना-प्रदर्शन में प्रधान जगदीप सिंह विर्क, आनंद सिंह असगोला, किशोर कुमार हाल्दार, भुवन शर्मा, विक्रम ज्याला, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, कन्हैया लाल, संदीप कुमार, जयप्रकाश, योगेश जोशी, राकेश बिष्ट, ललित बिष्ट, केरू मंडल और आनंद शर्मा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


