साइबर ठगी से बचाव के लिए केलाखेड़ा पुलिस ने बाजार बेरिया में चलाया जागरूकता अभियान, 1930 और 112 की दी जानकारी

खबरें शेयर करें

डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के बताए तरीके; आमजन को दिलाई साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ

केलाखेड़ा। साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में थाना केलाखेड़ा पुलिस टीम ने बाजार बेरिया में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जानकारी दी। लोगों को मजबूत पासवर्ड रखने, सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने तथा किसी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर बिना जांच के प्रतिक्रिया न देने के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए “सावधानी, सतर्कता और सुरक्षा” तथा “रुको, सोचो, जांचो और रिपोर्ट करो” का मंत्र अपनाने की अपील की। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आपातकालीन स्थिति में 112 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।