
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21.450 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। A.N.T.F. रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को A.N.T.F. रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने त्रिशूल चौक से रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे होते हुए ब्लॉक कार्यालय जाने वाले बाईपास कट के पास चेकिंग के दौरान कार संख्या HR55AT-9269 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 21.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में राजेश कुमार (48), निवासी पलवल, हरियाणा और प्रशांत शिकारी (41), निवासी रुद्रपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0 517/2026, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
ओडिशा से लाकर रुद्रपुर में सप्लाई का आरोप
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के मल्कानगिरी से ददू उर्फ नीलू नामक व्यक्ति से लाकर रुद्रपुर में थोक और फुटकर में बेचने के लिए लाया गया था। बरामद गांजे की कीमत पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3 लाख रुपये आंकी है।
पहले भी जेल जा चुका है एक आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार वर्ष 2020-21 में तेलंगाना के भद्राचलम थाना क्षेत्र में 200 किलो गांजा बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में भी अर्टिगा कार पर टैक्सी नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा था।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और नशा तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



