
फराज मियां वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी (Review Officer) के पद पर कार्यरत है.
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज निवासी युवा फराज मियां ने मेहनत, लगन और सही रणनीति के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की अपर पीसीएस-2024 परीक्षा में प्रदेशभर में छठी रैंक हासिल कर उन्होंने डिप्टी कलेक्टर पद प्राप्त किया है. नौकरी के साथ की गई उनकी तैयारी और लगातार मिली सफलताएं यह साबित करती हैं कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है.
सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से हासिल की गई यह उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है. वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी (Review Officer) के पद पर कार्यरत फराज मियां ने नौकरी के साथ-साथ अपर पीसीएस परीक्षा की तैयारी जारी रखी.
सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन, सही रणनीति और अनुशासन को देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. अनेक पुस्तकों को पढ़ने के बजाय उन्होंने कुछ चुनिंदा किताबों का बार-बार अध्ययन किया और उत्तराखंड सामान्य ज्ञान व समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया.
फराज ने बताया कि राज्य से जुड़े मुद्दों और गतिविधियों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए उन्होंने नियमित रूप से स्थानीय हिंदी समाचार पत्रों का गहन अध्ययन किया. उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में स्थानीय विषयों और समसामयिक घटनाओं की मजबूत पकड़ सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है. यह सफलता फराज के लिए पहली उपलब्धि नहीं है. इससे पूर्व भी उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.
उन्होंने यूकेएसएसएससी की कनिष्ठ सहायक परीक्षा उत्तीर्ण की. वहीं वर्ष 2024 में आयोजित सचिवालय समीक्षा अधिकारी परीक्षा में प्रदेश स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त की. वर्ष 2025 में निर्वाचन आयोग की समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में उन्होंने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया. इसके अतिरिक्त वह यूकेपीएससी की लोअर पीसीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं, जिसका साक्षात्कार आगामी माह प्रस्तावित है.
फराज मियां ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सितारगंज से प्राप्त की, जहां से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया. इसके बाद राजकीय पीजी कॉलेज खटीमा से बीएससी की डिग्री हासिल की और आगे की पढ़ाई के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय से एमबीए किया.
फराज अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और प्रेरणा को भी देते हैं. उनकी बहन गुड़िया भी वर्तमान में जीआईसी नैनीताल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि परिवार का शैक्षिक वातावरण, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत नींव साबित हुआ. फराज मियां की यह उपलब्धि न केवल सितारगंज बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह साबित करती है कि समर्पण, मेहनत और सही दिशा में निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.



