
किच्छा में आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, स्वर्ण पदक विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे ऊधम सिंह नगर का प्रतिनिधित्व
किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। जिला ताइक्वांडो संघ ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किच्छा में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नालंदा स्कूल के प्रबंधक डॉ. राहुल किशोर ने किया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा की। प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक जीतकर खटीमा की ताइक्वांडो टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, रुद्रपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम दूसरे और दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जनपद ऊधम सिंह नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शेखर त्रिपाठी एवं जिला क्रिकेट संघ ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष अजय तिवारी अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला ताइक्वांडो संघ ऊधम सिंह नगर के सचिव एवं ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष कौशल किशोर सिंह, अरविंद प्रकाश दूबे, नालंदा स्कूल के प्रधानाचार्य बृजेश दूबे तथा तकनीकी टीम के सदस्य राकेश परिहार, दुर्गेश परिहार, हरीश कुमार, बबीता सामंत, प्रेम सिंह राणा और शिवम यादव सहित तुषार, जिलेभर से आए ताइक्वांडो रेफरी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


