
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के ग्राम जयनगर, तहसील किच्छा की करीब 61 बीघा 10 बिस्वा पैतृक भूमि को फर्जी तरीके से कब्जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायतकर्ता राम कुमार पुत्र स्वर्गीय चेतराम ने भूमाफियाओं तथा राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी कर भूमि को सामान्य वर्ग में दर्ज कराने और फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर कब्जा दिलाने का आरोप लगाया है।
शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 1954 की खतौनी में उक्त भूमि उनके पिता स्वर्गीय चेतराम के नाम दर्ज थी और परिवार का वर्षों से इस पर कब्जा चला आ रहा था। आरोप है कि वर्ष 1967 में मृत व्यक्ति को फरार दर्शाकर आदेश पारित कराया गया और बाद में राजस्व अभिलेखों में कथित रूप से नियमों के विरुद्ध बदलाव कर दिया गया।
पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि अनुसूचित जाति की भूमि को उत्तर प्रदेश जमींदारी उन्मूलन एवं भूमि सुधार अधिनियम की धारा 157-ए के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए सामान्य वर्ग के नाम दर्ज किया गया। साथ ही राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर भूमि पर कब्जा कराने की कोशिश की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पहले भी सीएम हेल्पलाइन और आरटीआई के माध्यम से शिकायत की थी, लेकिन रिकॉर्ड उपलब्ध न होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। उनका आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड गायब किए गए हैं।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए कथित भूमाफियाओं और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज करने, भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने तथा पैतृक भूमि पर दोबारा कब्जा दिलाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




