
रुद्रपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता और विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास के लिए समर्पित किया। देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनके अतुलनीय योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके इसी योगदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे देश के महान महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना पूर्ण योगदान दें।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश चन्द्र आर्य, मोहन सिंह दिवाकर, देव प्रकाश चक्रवर्ती, हेड नाजिर भूपाल सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


