
रुद्रपुर। संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देशानुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में परिवहन विभाग ने रात्रिकालीन विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 27 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में 10 मालवाहक एवं 5 यात्री वाहन शामिल हैं।
जांच के दौरान 10 मालवाहक वाहन ओवरलोड पाए गए, वहीं 3 यात्री वाहन क्षमता से अधिक सवारी ढोते हुए पकड़े गए। इसके अलावा कई वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बिना टैक्स जमा किए तथा बिना वैध परमिट के संचालित पाए गए। ऐसे सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों एवं मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



