
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। एसएसपी के स्पष्ट निर्देश हैं कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहे यातायात नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में यातायात पुलिस द्वारा बुधवार को हल्द्वानी रोड, सिडकुल पंतनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक कंटेनर वाहन चालक को विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिससे आमजन के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर चालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की।
वाहन चालक द्वारा यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर कोतवाली पंतनगर लाया गया। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशों के अनुपालन में चालक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में यह पहली बार है जब रॉन्ग साइड वाहन संचालन के मामले में केवल चालान तक सीमित न रहकर सीधे मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति है।
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
एसएसपी अजय गणपति का संदेश:
“विपरीत दिशा में वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन को खतरे में डालना है। ऊधमसिंहनगर पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।”



